नई दिल्ली। विटामिन D3, कैल्शियम समेत 30 दवाओं के दाम तय िकए गए हैं। इससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी। सरकारी संस्था नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (एनपीपीए) ने 30 दवा फॉर्मूलेशन की खुदरा कीमतें तय कर दी हैं। इनमें विटामिन डी-3 ओरल, कैल्शियम, विटामिन D3 , मेथिलकोलामिन जैसी दवाएं शामिल हैं। ये दवाएं आमतौर पर हड्डियों की मजबूती, विटामिन की कमी आदि समस्या में ली जाती हैं।

कैल्शियम और विटामिन आधारित टैबलेट की कीमत 19.78 रुपये प्रति टैबलेट निर्धारित की गई है। विटामिन डी3 ओरल की कीमत 19.91 रुपये प्रति मिलीलीटर तय की है। दर्द और सूजन में इस्तेमाल होने वाली कुछ दवाओं की कीमतें भी निर्धारित की गई हैं।

मरीजों को मिलेगी राहत

इन दवाओं का इस्तेमाल बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं करते हैं। ऐसे में कीमतें तय होने से मरीजों को राहत मिलेगी। इससे दवा कंपनियां मनमाने दाम नहीं वसूल पाएंगी। इससे बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी। वहीं मरीजों को उचित कीमत पर दवाएं उपलब्ध होंगी। निर्धारित कीमतें ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर के तहत तय की गई हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरूरी दवाएं आम लोगों की पहुंच से बाहर न हों।