रूपौली (बिहार)। कोडीनयुक्त कफ सीरप की तस्करी पकड़ी गई है। यह कार्रवाई नगर पंचायत रूपौली कार्यालय के समीप एसएच-65 पर वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सीरप की 82 बोतलों के साथ दो युवक गिरफ्तार किए हंै। पुलिस ने सीरप की खेप ले जा रही एक बाइक भी जब्त कर ली है। एक महिला दुकानदार को भी गिरफ्तार किया गया है।

यह है मामला

कुरसेला थाना क्षेत्र के दो युवक बाइक से कफ सिरप की खेप लेकर गिद्दा गांव जा रहे थे। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी में 100 एमएल की 82 बोतल प्रतिबंधित कोडीनयुक्त सीरप बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुरसेला निवासी विशाल तथा तीनघडय़िा निवासी रोहित के रूप में हुई है। दोनों ने स्वीकार किया कि वे गिद्दा गांव स्थित किराना दुकान में सिरप की डिलीवरी देने जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर संबंधित दुकान में छापेमारी की। मौके से एक महिला दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।