पुणे । नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने फिटनेस के नाम पर नशा बेचने वाला रैकेट पकड़ा है। गुप्त सूचना के आधार पर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से मेफेंटरमाइन सल्फेट इंजेक्शन आईपी की 50 शीशियां बरामद कीं। इनका कथित तौर पर नशे के उद्देश्य से इस्तेमाल किया जा रहा था। यह कार्रवाई कात्रज-दत्तानगर रोड स्थित आनंद दरबार के पास सडक़ पर की गई।
आरोपी बिना वैध ड्रग लाइसेंस के इन इंजेक्शनों की अवैध बिक्री कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अथर्व इंद्रजीत शिंदे, अविनाश शिवा बालुंगी , प्रदीप जितेंद्र हुंबर, पीयूष गणेश भरम और लक्ष्मण परमेश्वर माने के रूप में हुई है।
मेफेंटरमाइन सल्फेट इंजेक्शन एक प्रिस्क्रिप्शन दवा है। इसे केवल योग्य चिकित्सक की निगरानी में ही दिया जाना चाहिए। आरोपी इन इंजेक्शनों को अवैध रूप से बेचने की तैयारी कर रहे थे। जो शारीरिक प्रदर्शन बढ़ाने या नशे के उद्देश्य से इनका इस्तेमाल करना चाहते थे। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इंजेक्शनों के स्रोत की पहचान की जांच कर रही है।










