मुगलसराय, चंदौली (उप्र)। अवैध कोडीन कफ सिरप की तस्करी में इनामी तस्कर पकड़ा गया है। अलीनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त दयाशंकर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद किया है। आरोपी दर्ज मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

यह है मामला

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास से अभियुक्त दयाशंकर को पकड़ा। दयाशंकर फिरोजाबाद जिले के जमालपुर गांव का निवासी है।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से कुल 800 शीशियां बरामद हुईं। इनमें 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप थी। अभियुक्त के विरुद्ध पहले से दर्ज मुकदमे में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह मामला 720 लीटर कोडीन कफ सिरप की पूर्व में हुई बरामदगी से जुड़ा है। अलीनगर पुलिस ने कोरी अंडरपास के पास एक लावारिस ट्रक से 7,200 शीशियां कोडीन एवं एस्कफ कफ सिरप बरामद किया था। उस समय यह सिरप मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाया गया था। उस मामले में दयाशंकर का नाम सामने आया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।