नई दिल्ली। सन फार्मा ने कई आई ड्रॉप्स वापस मंगाए हैं। इसलिए आई ड्रॉप्स इस्तेमाल करने वालों को अलर्ट रहने की जरूरत है। भारत की प्रमुख सन फार्मास्युटिकल्स ने एहतियाती कदम उठाया है। कंपनी ने भारतीय बाजार से अपने कई प्रमुख आई ड्रॉप्स को वापस मंगाया है। कंपनी द्वारा डिस्ट्रीब्यूटर्स को भेजे गए एक पत्र के सार्वजनिक होने पर यह मामला सामने आया। इस रिकॉल के पीछे मुख्य वजह निर्माण प्रक्रिया के दौरान संभावित बैक्टीरियल इन्फेक्शन से जुड़ी चिंताएं बताई गई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार सन फार्मा ने डिस्ट्रीब्यूटर्स और विक्रेताओं को तुरंत इन आई ड्रॉप्स स्टॉक को वापस भेजने का निर्देश दिया है। प्रवक्ता ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमने मरीजों के सर्वोत्तम हित में यह कदम उठाया है। हमारी टीम जल्द इन दवाओं की उपलब्धता बहाल करने के लिए काम कर रही है। आंखों की दवाओं में स्टेरिलिटी का होना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार का सूक्ष्मजीव या बाहरी कण आंख में गंभीर संक्रमण फैला सकता है। इसी जोखिम को टालने के लिए कंपनी ने एहतियातन यह कदम उठाया।
वापस मंगाए गए प्रमुख आई ड्रॉप्स
कंपनी ने जिन प्रमुख आई ड्रॉप्स को वापस मंगाया है, उनमें शामिल हैं :
Lotepred (लोटेप्रैड) रेंज: Lotepred 5ML, Lotepred 1%, Lotepred LS 0.2%, Lotepred T
Nepalact (नेपालैक्ट) रेंज: Nepalact OD 3ML, Nepalact-Z, Nepalact E/D 5ML
अन्य प्रभावित ब्रांड्स: Depopred 2ML, Brinolar (BKC FREE), Brinzotim Eye Drops 5ML (BKC FREE) और Toba-F










