मुंबई। एमपीएससी का पेपर लीक होने पर ड्रग इंस्पेक्टर की भर्ती रद्द हो गई है। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने ड्रग इंस्पेक्टर के लिए भर्ती प्रक्रिया रद कर दी है। यह फैसला स्क्रीनिंग परीक्षा में पेपर लीक की बात सामने आने के बाद लिया गया। पुलिस ने तीन अधिकारियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। आयोग ने इन पदों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया। आयोग ने कहा कि यह कदम परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जरूरी है।

परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को भी नए सिरे से परीक्षा देनी होगी। परीक्षा के पात्र अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पुन: परीक्षा के लिए उनसे कोई परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया 29 जुलाई, 2025 को जारी विज्ञापन के शुरू हुई थी। सूबे के छह संभागीय मुख्यालयों में आफलाइन मोड में परीक्षा की गई थी। परीक्षा का परिणाम 12 जून को घोषित किया गया। इसके बाद 506 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए पात्र पाए गए।

इनमें से 488 अभ्यर्थी आयोजित साक्षात्कार में शामिल हुए। साक्षात्कार पूरा होने के बाद एमपीएससी ने 488 अभ्यर्थियों की अस्थायी सामान्य मेरिट सूची जारी की, जिनमें 485 अभ्यर्थी नियुक्ति के लिए पात्र और तीन अपात्र पाए गए।