मुंबई। मेडिकल काउंसिल पोर्टल पर फर्जी दस्तावेज अपलोड करने का मामला प्रकाश में आया है। महाराष्ट्र नोडल साइबर पुलिस ने 22 विदेशी मेडिकल स्नातकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन्होंने अनिवार्य विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) उत्तीर्ण नहीं की। इसके बावजूद अस्थायी पंजीकरण प्राप्त करने के लिए एमएमसी पोर्टल पर फर्जी दस्तावेज अपलोड कर दिए।
एमएमसी रजिस्ट्रार राकेश वाघमारे ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। कुछ विदेशी मेडिकल स्नातकों की ऑनलाइन प्रोफाइल में संदिग्ध दस्तावेज मिले। इन उम्मीदवारों ने विदेशों से मेडिकल डिग्री प्राप्त की थी। लेकिन एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की थी। यह परीक्षा भारत में चिकित्सा का अभ्यास करने के लिए विदेशी स्नातकों के लिए अनिवार्य है। परिषद के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत उम्मीदवारों के लॉगिन प्रोफाइल की जांच की। 22 उम्मीदवारों के प्रोफाइल में फर्जी दस्तावेज अपलोड किए हुए मिले।
वाघमारे ने एमएमसी प्रशासक डॉ. विंकी रुघवानी को इसकी सूचना दी। उन्होंने साइबर पुलिस से संपर्क करने का निर्देश दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी उम्मीदवारों ने पंजीकरण के इरादे से जाली दस्तावेज अपलोड किए।










