रायबरेली (यूपी)। मेडिकल स्टोरों की दवाओं के सैंपल फेल मिले हैं। संबंधित कंपनियों पर कार्रवाई की तैयारी हो रही है। दवाओं की गुणवत्ता को लेकर औषधि प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बछरावां के दो मेडिकल स्टोरों से लिए दवाओं के नमूने जांच में फेल मिले हैं। अब संबंधित दवा निर्माता कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी है। वहीं बिना लाइसेंस संचालित स्टोरों पर भी विभाग शिकंजा कसने जा रहा है। लगातार छापेमारी से स्टोर संचालकों में खलबली मची हुई है।
यह है मामला
जिले में करीब ढाई हजार मेडिकल स्टोर संचालित हैं। इन दुकानों पर दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। ड्रग इंस्पेक्टर माधुरी सिंह ने स्टोरों का निरीक्षण करने की कवायद तेज कर दी है। अभियान के दौरान दुकानों से दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। इसी जांच में बछरावां के दो मेडिकल स्टोरों से लिए गए दवाओं के नमूने अमानक मिले। अब संबंधित दवा कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





