लखीमपुर खीरी (यूपी)। प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतका के परजिनों ने अस्पताल पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। बेहजम रोड स्थित छाउछ के यूनिवर्सल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत हुई।

इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने संचालक और डॉक्टरों को मौके पर बुलाने और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की। लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।पूरी रात परिजन अस्पताल परिसर में शव के साथ डटे रहे।

यह है मामला

कादीपुर सानी निवासी सर्वेश की पत्नी मंशा देवी को यूनिवर्सल हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। महिला के फोड़े का ऑपरेशन उसी दिन हुआ था। बाद में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल संचालक और स्टाफ पर मौके से भागने का आरोप लगाया। पति सर्वेश ने बताया कि उस समय अस्पताल में अन्य मरीज भी भर्ती थे। अस्पताल संचालक अन्य मरीजों को भी अपनी गाड़ी से लेकर चला गया। पहले पत्नी का इलाज गांव में हुआ था।

बाद में उसे जिला अस्पताल ओयल ले जाया गया। बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। परिवार के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी रात में अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाने की कोशिश की। लेकिन परिजन पोस्टमार्टम कराने या शव को वहां से ले जाने को तैयार नहीं हुए। वे अस्पताल संचालक और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि मंशा देवी के तीन छोटे बच्चे हैं।