Home Latest News अस्पताल पर बच्चे की गलत मेडिकल रिपोर्ट बनाने का केस दर्ज

अस्पताल पर बच्चे की गलत मेडिकल रिपोर्ट बनाने का केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। अस्पताल पर बच्चे की गलत मेडिकल रिपोर्ट बनाने का आरोप लगा है। बच्चे को बुखार की शिकायत पर अस्पताल में एडमिट कराया था। अस्पताल की रिपोर्ट में उसकी किडनी खराब होने की बात कही। डॉक्टरों ने डायलिसिस की जरूरत बताई। बच्चे की जान को खतरा होने की आशंका भी जताई। बाद में दूसरे अस्पताल में जांच हुई तो टाइफाइड बुखार निकला। इस मामले में अस्पताल के प्रबंधक और स्टाफ पर केस दर्ज हुआ है।

ग्रीन सिटी अस्पताल में एडमिट कराया

मामला दादरी निवासी वकील सचिन बिधूड़ी के बेटे सात्विक से जुड़ा है। सचिन ने बेटे को बुखार होने पर ग्रीन सिटी अस्पताल में एडमिट कराया था। बच्चे के खून का सैंपल लेकर जांच की गई। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे का क्रिएटिनिन, पोटेशियम और सोडियम काफी बढ़ा हुआ है। बच्चे को आईसीयू में रखने की जरूरत बताई। रिपोर्ट की पुष्टि के लिए दूसरी लैब में भी सैंपल भेजा गया। वहां से भी पहले जैसी रिपोर्ट आई। इसके बाद डॉक्टरों ने परिजनों से इलाज के लिए पैसे जमा करने को कहा।

बच्चे की किडनी खराब बताई

डॉक्टरों ने बताया कि बेटे की किडनी खराब हो चुकी है। उसे डायलिसिस की जरूरत है। यह भी कहा कि डायलिसिस के दौरान बच्चे का हार्ट फेल हो सकता है। उसकी जान जा सकती है। इलाज नहीं कराने पर भी ऐसी स्थिति बनने की आशंका जताई। परिवार के लोग यह सुनकर घबरा गए। इसी बीच उनके रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चे को दूसरे अस्पताल में दिखाने की सलाह दी। परिजन बच्चे को लेकर कैलाश अस्पताल पहुंचे।

वहां जांच कराने पर बच्चे को टाइफाइड बुखार बताया। टेस्ट में किडनी से जुड़ी समस्या नहीं मिली। जैसी कि पहली रिपोर्ट में बताई गई थी। ग्रीन सिटी अस्पताल की रिपोर्ट गलत थी। उसी रिपोर्ट पर बच्चे का इलाज होता तो सेहत को नुकसान पहुंच सकता था। कोर्ट के आदेश पर अस्पताल के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।