रियासी (जम्मू)। प्रेगाबालिन कैप्सूल की अवैध बिक्री पर मेडिकल शॉप सील किया गया है। आरोप है कि इस दुकान पर प्रेगाबालिन 300 एमजी कैप्सूल सहित कई प्रतिबंधित दवाइयाँ अवैध रूप से बेची और वितरित की जा रही थी। इन दवाओं के लिए डॉक्टर के पर्चे की ज़रूरत होती है। चरण पादुका मंदिर के पास ढाबा मोड़ पर स्थित बरोत्रा फार्मेसी के खिलाफ यह कार्रवाई हुई।
यह है मामला
पुलिस ने चरण पादुका मंदिर के पास ढाबा मोड़ पर स्थित बरोत्रा फार्मेसी पर रेड की। यह कार्रवाई दवा की कथित अवैध बिक्री की पुख्ता जानकारी के आधार पर की गई। पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर और कटरा के एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान के अंदर प्रीगाबालिन 300 एमजी के कैप्सूल मिले। आरोपी लाइसेंस धारक दीपक कुमार कार्रवाई के दौरान वहां से भाग गया। ड्रग इंस्पेक्टर ने लागू नियमों के अनुसार मेडिकल शॉप को सील कर दिया। यह कार्रवाई दवाओं की अवैध खरीद, बिक्री व वितरण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने केमिस्टों, दुकानदारों और मेडिकल संस्थानों से अपील की कि वे नियामक नियमों का सख्ती से पालन करें। आम जनता से भी अपील की है कि वे नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन का सहयोग करें।





