नई दिल्ली। कैंसर की पुरानी दवाओं पर भी नई कम कीमतें लागू होंगी। इस संबंध में राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने स्पष्ट किया है। पहले से बाजार में मौजूद पुरानी महंगी दवाएं भी संशोधित कम कीमत पर ही बेची जाएंगी। भले ही दवा के पैकेट पर एमआरपी अधिक अंकित हो।
उन्हें भी नई कम कीमत पर ही बेचा जाएगा। एनपीपीए ने स्पष्ट किया है कि पुराने स्टाक की आड़ में अधिक कीमत नहीं वसूल सकेंगे। औषधि नियंत्रकों को दवा कंपनियों, वितरकों, अस्पतालों के स्तर पर संशोधित कीमतों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए हैं।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्माता, खुदरा विक्रेता, डीलर, स्टाकिस्ट, अस्पताल संशोधित कीमतों का पालन करें। अधिक कीमत वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी।
एनपीपीए ने 137 नान-शेड्यूल्ड कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (टीएमआर) लागू किया है। इसके तहत व्यापारिक मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत तक सीमित किया है। संशोधित कीमतें नौ नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई हैं। यह 30 प्रतिशत की सीमा दवा के व्यापारिक मार्जिन पर लागू होती है। इस पहल से मरीजों को सालाना करीब 3540.38 करोड़ रुपये की बचत हो सकेगी।

संशोधित कीमतें लागू होने से पहले बाजार में भेजे गए स्टाक को वापस मंगाना जरूरी नहीं है। उसके पैकेट पर दोबारा लेबल अथवा स्टीकर लगाना भी अनिवार्य नहीं है। हालांकि, इसके लिए निर्माता को खुदरा विक्रेता के स्तर पर संशोधित कीमत का पालन सुनिश्चित करना होगा। इसका सीधा अर्थ है कि पैकेट पर पुराना एमआरपी छपा होने के बावजूद मरीज से संशोधित कम कीमत ही ली जाएगी।
अस्पतालों को अपनी वेबसाइट पर भी नई कीमतें उपलब्ध करानी होंगी। राज्य औषधि नियंत्रक इन सभी स्तरों पर अनुपालन की निगरानी करेंगे। मरीज दवा खरीदते समय उसका नाम, ब्रांड और क्षमता एनपीपीए की संशोधित मूल्य सूची से मिला सकते हैं। इसके लिए प्राधिकरण की वेबसाइट और फार्मा सही दाम मोबाइल एप की मदद ली जा सकती है।





