नई दिल्ली। यूनानी दवा के नाम पर ठगी का भंडाफोड़ हुआ है। गिरोह पीतमपुरा के शिवाजी मार्केट में अवैध कॉल सेंटर चलाकर लोगों को फोन करता था। कॉल सेंटर के कर्मचारी खुद को डॉक्टर बताकर ग्राहकों को दवाएं खरीदने के लिए प्रेरित करते थे। इसके लिए एक हेल्थकेयर कंपनी का गोपनीय ग्राहक डाटा बिना अनुमति हासिल किया गया था। पुलिस ने छापा मारकर मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 40 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और छह फर्जी मुहरें बरामद हुई हैं।
नेचुरल यूनानी हेल्थकेयर के नाम से चल रहा था कॉल सेंटर
आरोपी एमडीएल नेचुरल यूनानी हेल्थकेयर के नाम पर अवैध कॉल सेंटर चला रहे थे। गिरोह के सदस्य चोरी किए गए ग्राहक डाटा के आधार पर लोगों को फोन करते थे। इस दौरान वे खुद को डॉक्टर बताकर ग्राहकों को यूनानी दवा खरीदने के लिए तैयार करते थे। आरोपी फर्जी ऑर्डर तैयार करने और कॉल सेंटर से जुड़ी अन्य गतिविधियों में भी शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस को नकली दवाएं और कारोबार से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
ऐसे बंटा था गिरोह के सदस्यों का काम
गिरोह व्यवस्थित तरीके से काम कर रहा था। पंकज नाम का आरोपी कॉल सेंटर का टीम लीडर था। वह रोजाना के कामकाज को संभालता था। मुनीर, अमित तिवारी, विवेक, शिवम मंडल, समीर, अंशु, साहिद और इशांत ग्राहकों को फोन करते थे। ये फर्जी ऑर्डर तैयार करने का काम करते थे। वहीं, मोंटी के पास नकदी और दवाओं के स्टॉक की जिम्मेदारी थी। अंकित कॉलिंग एजेंटों की निगरानी और उन्हें प्रशिक्षण देता था। सूरज खातों और वित्तीय लेनदेन का हिसाब रखता था।
दो सरगनाओं की तलाश में जुटी पुलिस
कॉल सेंटर का संचालन फरार सरगना लतीफ और एक महिला के निर्देश पर किया जा रहा था। गिरफ्तार टीम लीडर पंकज इनके निर्देशों को आगे बढ़ाता था। पुलिस अब ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।





