गाजियाबाद (यूपी)। पोलियो दवा 33 हजार नवजातों को नहीं पिलाए जाने का मामला सामने आया है। डूंडाहेड़ा स्थित एसटीपी प्लांट में सीवेज के सैंपल में वीडीपीवी टाइप-1 मिला था। इसके बाद प्रदेश भर में विशेष पोलियो अभियान चलाया गया। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस अभियान को पलीता लगा दिया।
रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच एचआईएमएस पोर्टल पर दर्ज 50179 बच्चों के सापेक्ष केवल 17159 बच्चों को ही पोलियो खुराक पिलाई गई है। यानी 33020 बच्चों को खुराक नहीं पिलाई गई। जिले में दवा पिलाने का प्रतिशत 35.51 है। स्पष्ट है कि सरकारी अस्पतालों में ओपीवी जीरो डोज देने के नाम पर बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। पोर्टल पर रिपोर्टिंग के नाम पर लापरवाही बरती जा रही है।
22 नवंबर को पोलियो बूथ दिवस
डॉ. मनोज कुमार सेन के अनुसार पोलियो की दवा पिलाने के लिए सप्ताह में छह दिन सत्र आयोजित किए जाते हैं। सरकारी अस्पतालों में पैदा होने वाले बच्चों को ओपीवी जीरो डोज देने की जिम्मेदारी चिकित्सकों की है। जांच के बाद पोलियो खुराक पिलाने में लापरवाही बरतने वालों की सूची तैयार की जाएगी।
पोलियो नियंत्रण को लेकर विभाग सतर्क है। टीकाकरण सत्रों के साथ पोलियो की दवा लगातार पिलाई जा रही है। 22 नवंबर को पोलियो बूथ दिवस है। इसके बाद 23 से 27 तक घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। इस संबंध में मंडल के सभी सीएमओ को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।





