सोलन (हिमाचल प्रदेश)। ब्रांडेड के नाम पर नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने यह कार्रवाई की है। एफडीए की टीम ने जिले के नालागढ़ में चल रही अवैध दवा फैक्ट्री पर रेड की। जांच में सामने आया कि यहां ब्रांडेड दवा के नाम पर महंगी बिकने वाली दवाएं तैयार की जा रही थीं। यह फैक्ट्री राजपुरा, खेड़ा बाईपास, नालागढ़ में चल रही थी।
यहां एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और एसिडिटी से जुड़ी दवाओं का अवैध निर्माण किया जा रहा था। जांच में पता चला कि नकली दवाओं को नामी कंपनियों की पैकेजिंग में तैयार किया जा रहा था। उन्हें असली बताकर बाजार में बेचने की योजना थी।
फैक्ट्री में मिलीं दवा बनाने और पैकिंग की मशीनें
टीम को फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें और उपकरण मिले। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्युमिनियम-एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन आदि उपकरण शामिल हैं। प्रिंटेड फॉयल और स्टीरियो प्रिंटिंग से जुड़े उपकरण भी बरामद किए हैं। इन मशीनों और पैकेजिंग सामग्री के जरिए नकली दवाओं को नामी कंपनियों के ब्रांड जैसा रूप दिया जा रहा था। इस तरह तैयार दवाओं को बाजार में असली दवाओं के नाम पर खपाने की आशंका है।

नकली दवाओं के इस नेटवर्क की जांच उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कार्रवाई के बाद शुरू की गई थी। वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में निरीक्षण के दौरान नकली दवाएं मिली थी। इसके बाद से इनके निर्माण के स्रोत का पता लगाया जा रहा था। पिछले सप्ताह वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 17 प्रकार की नकली दवाएं बरामद हुई थीं।
बरामद दवाओं के निर्माण के स्रोत की पड़ताल करते हुए जांच टीम सोलन जिले तक पहुंची। नालागढ़ की फैक्ट्री पर छापेमारी से नकली दवाओं के कारोबार के अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका सामने आई है। फिलहाल जांच एजेंसियां फैक्ट्री से जुड़े लोगों, दवाओं के निर्माण और उनकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।





