गोपालगंज (बिहार)। मकान से नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। महुअवां गांव में ड्रग विभाग और कुचायकोट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने मकान पर छापेमारी कर करीब 3.32 लाख की नशीली दवाएं जब्त कीं। गांव में किराये के मकान और खेत से कोडिन कफ सिरप के साथ ट्रॉमाडोल कैप्सूल और टैबलेट बरामद की गयीं। छापेमारी के दौरान कथित ड्रग्स कारोबारी मौके से फरार हो गये। किराये का मकान किसने लिया था, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। कार्रवाई के बाद गांव में हडक़ंप मच गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई संयुक्त छापेमारी
सूचना के आधार पर ड्रग विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से महुअवां गांव में छापेमारी की। टीम ने एक किराये के मकान और खेत से कोडिन कफ सिरप, ट्रॉमाडोल कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए।
जब्त दवाओं से संबंधित खरीद-बिक्री के कागजात और लाइसेंस मौके पर नहीं मिले। टीम बरामद दवाओं के संबंध में कानूनी कार्रवाई में जुटी रही। टीम इस कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।
युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का आरोप
कोडिन कफ सिरप और ट्रॉमाडोल का इस्तेमाल चिकित्सकीय परामर्श पर किया जाता है। इन दवाओं का दुरुपयोग नशे के लिए भी किया जा सकता है। महुअवां में इनकी बड़ी खेप मिलने के बाद अवैध कारोबार की आशंका जतायी जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दवाएं कहां से लाई गयी थीं। इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
महुअवां में जब्त दवाओं के तार उत्तर प्रदेश तक जुड़े होने की आशंका जतायी गई है। गोरखपुर के भुलोटिया मार्केट से लेकर वाराणसी तक दवाओं की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। पुलिस इनके स्रोत और संभावित खरीदारों का पता लगा रही है।





