नई दिल्ली। पैंक्रियाटिक कैंसर के इलाज में नई दवा से काफी उम्मीदें जगी हैं। पैंक्रियाटिक कैंसर को सबसे घातक कैंसर में से एक मान जाता है। इसे साइलेंट किलर भी कहते हैं। दरअसल, इसका पता तब चलता है जब कैंसर काफी फैल चुका होता है। अब वैज्ञानिकों के हाथ एक बड़ी उपलब्धि लगी है। डाराक्सोनरासिब नाम की एक गोली ने शुरुआती ट्रायल में ऐसे नतीजे दिखाए हैं। इसमें ट्यूमर न सिर्फ रुक गया, बल्कि कई मरीजों में सिकुड़ गया। वहीं, कुछ मरीजों में तो स्कैन में दिखना ही बंद हो गया।
ये ट्रायल कितने मरीजों में हुआ?

इस ट्रायल में एडवांस्ड पैंक्रियाटिक कैंसर के कुल 61 मरीज थे। इनका कैंसर शरीर के दूसरे हिस्सों में फैल चुका था। इन सभी को डाराक्सोनरासिब की गोली दी गई। इसके साथ कीमोथेरेपी की दो दवाओं जेमिसिटाबिन और नैब-पैक्लिटैक्सल भी दी गई। नतीजे चौंकाने वाले थे। ट्यूमर का बढऩा 90.2 फीसदी मरीजों में रुक गया। 60.7 फीसदी मरीजों में ट्यूमर सिकुड़ गया या गायब हो गया। हर 12 में से 1 मरीज, यानी 8.2 फीसदी मरीजों में, ट्यूमर स्कैन में दिखना ही बंद हो गया। इसे डॉक्टर कम्पलीट रिस्पॉन्स कहते हैं।
ये दवा काम कैसे करती है?
इस रोग के ज्यादातर मामलों के पीछे KRAS जीन की गड़बड़ी होती है। ये जीन कैंसर की कोशिकाओं को लगातार बढऩे का सिग्नल देता रहता है। डाराक्सोनरासिब इसी KRAS प्रोटीन को ब्लॉक करती है। आसान भाषा में समझें तो ये कैंसर को बढऩे वाला सिग्नल ही बंद कर देती है। इसीलिए ये दवा कीमोथेरेपी से अलग है। कीमोथेरेपी तेजी से बढऩे वाली सभी कोशिकाओं पर हमला करती है। लेकिन ये दवा सीधे ट्यूमर को जिंदा रखने वाले मैकेनिज्म पर ही वार करती है।





