सवाई माधोपुर (राजस्थान)। सैंपल फेल मिलने पर फर्म से 2 लाख की नकली दवाएं जब्त की है। यह कार्रवाई औषधि नियंत्रण विभाग ने राजबाग इलाके में फर्म एसबी एसोसिएट पर की। डीसीओ सिंधु शर्मा ने भारी मात्रा में रेबिट्रा डीएसआर (रेबीप्राजोल, डॉम्परिडोन) की खेप बरामद की है। इसका बाजार मूल्य लगभग दो लाख रुपए है।
यह है मामला
डीसीओ ने फर्म एसबी एसोसिएट का निरीक्षण किया था। उन्होंने रेबिट्रा डीएसआर का सैंपल लिया था। जांच के बाद सैंपल फेल मिला। इस पर डीसीओ ने उक्त फर्म पर कार्रवाई की। दवा का स्टॉक जब्त कर लिया। फर्म मालिक मुकेश मोदी, वितरक एसट्रिका बायोमेडिक, दवा निर्माता जीनोन लाइफसाइंस, अहमदाबाद के खिलाफ मामला दर्ज किया। उसे अदालत में पेश किया है।
दवा विक्रेताओं में हडक़ंप मचा
उधर डीसीओ की कार्रवाई से शहर के दवा विक्रेताओं में हडक़ंप मच गया। उल्लेखनीय है कि ड्रग माफिया के लोग चिकित्सकों से सांठगांठ कर अपनी मनमर्जी के ब्रांड लिखवाते हैं। ये सिर्फ़ उन चिकित्सकों के घर पर संचालित मेडिकल स्टोर पर ही बेचे जाते हैं। ऐसे उत्पादों की कोई गुणवत्ता नहीं होती है। न ही ये औषधि विभाग के मानकों के अनुरूप होते हैं। इनकी कीमत बाजार में बिकने वाले उसी साल्ट के अन्य ब्रांड से बहुत ज़्यादा होती है। इन्हें लिखने की एवज में डॉक्टरों को मोटा कमीशन मिलता है। दवा निर्माता, डिस्ट्रीब्यूटर और होलसेलर भी इसमें खूब मुनाफ़ा कमाते हैं।





