पुणे (महाराष्ट्र)। नकली दवा निर्माण करने पर फार्मा कपंनी का लाइसेंस कैंसिल किया गया है। खाद्य और औषधि प्रशासन (एफडीए) ने यह कार्रवाई जेजुरी एमआईडीसी स्थित फार्मा पर की। इंडुकेयर फार्मास्युटिकल एंड रिसर्च फाउंडेशन का दवा निर्माण लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई नकली, घटिया और बिना अनुमति के दवाओं के निर्माण और बिक्री के चलते की गई है। एफडीए ने कंपनी के फॉर्म-25 और फॉर्म-28 लाइसेंस निरस्त करने का आदेश जारी किया।
अवैध रूप से दवा निर्माण
जांच में सामने आया कि कंपनी ने आवश्यक प्रोडक्ट परमिशन लिए बिना 9 तरह की दवाओं का निर्माण और बिक्री की थी। यह ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 का सीधा उल्लंघन है। रिपोर्ट में इन सभी दवाओं को अमानक, मिसब्रांडेड या नकली पाया गया। कंपनी की दो दवाएं इबुकेयर प्लस और केयरविटा-एम में लेबल पर लिखे गए सक्रिय तत्व मौजूद ही नहीं थे। इबुकेयर प्लस में दर्द निवारक तत्व आइबुप्रोफेन नहीं मिला। वहीं केयरविटा-एम में बताए गए विटामिन और मिनरल पूरी तरह गायब मिले।
एफडीए ने पिंपरी-चिंचवड़ के वाईसीएम अस्पताल के केंद्रीय दवा भंडार से कंपनी द्वारा आपूर्ति की गई करीब 1.72 करोड़ मूल्य की घटिया दवाएं भी जब्त की थीं। जब्त दवाओं में हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, मधुमेह और पाचन संबंधी बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं शामिल थीं। इससे पहले जांच के दौरान कंपनी में गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस से जुड़ी 25 गंभीर खामियां पाई गई थीं।
जांच में बिना बैच रिकॉर्ड के बनी लाखों टैबलेट, प्रयोगशाला उपकरणों का कैलिब्रेशन न होना, स्टोर में गंदगी और दवाओं पर गलत लेबल जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंधे ने कहा कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले दवा निर्माताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी और नियामकीय कार्रवाई जारी रहेगी।





