रुडक़ी (उत्तराखंड)। मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। रुडक़ी में जनता मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 682 प्रतिबंधित कैप्सूल और 600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। आरोपी दवाओं के क्रय-विक्रय और भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सका।
यह है मामला
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गोपनीय सूचना मिली थी। पता चला कि जनता मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इस पर एसटीएफ की एएनटीएफ टीम ने औषधि निरीक्षक हरीश सिंह को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पर रेड की। तलाशी के दौरान वहां मौजूद इरशाद निवासी राजपुताबा के कब्जे से प्रतिबंधित दवाएं मिलीं।
आरोपी ने बताया कि वह प्रतिबंधित दवाएं खरीदकर लाता था। वह उन्हें फुटकर में बेचकर मुनाफा कमाता था। वह दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध अभिलेख या चिकित्सकीय पर्चे भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ थाना गंगनहर में एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।





