नई दिल्ली। FSSAI ने 5 न्यूट्रास्यूटिकल कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं। स्वास्थ्य और फिटनेस के नाम पर बाजार में न्यूट्रास्यूटिकल और हेल्थ प्रोडक्ट बेचे जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने इनकी निर्माता कंपनियों पर कार्रवाई की है।
यह है मामला
FSSAI के अनुसार नियमों के गंभीर उल्लंघनों के चलते पांच कंपनियों के लाइसेंस निलंबित किए हैं। इनमें वेदांत रेमेडीज, लूसिड हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर शामिल हैं। जांच में साफ-सफाई और उत्पादन यूनिटों के जर्जर बुनियादी ढांचे जैसी खामियां सामने आई थी। इसके बाद ही यह कदम उठाया गया है।
इस महीने की शुरुआत में भी एफएसएसएआई ने विभिन्न उल्लंघनों के लिए छह न्यूट्रास्यूटिकल निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई की थी। न्यूट्रास्यूटिकल न्यूट्रिशन (पोषण) और फार्मास्युटिकल (दवा) शब्दों से मिलकर बना है। न्यूट्रास्यूटिकल ऐसे खाद्य उत्पाद होते हैं, जो सामान्य पोषण के साथ बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी सहायक होते हैं।





