नई दिल्ली। CDSCO के ड्रग अलर्ट में 324 दवाओं के सैंपल जांच में फेल मिले हैं। दवाओं की गुणवत्ता को लेकर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की जांच में ये खुलासा हुआ है। अक्टूबर 2026 की जांच में कुल 324 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें 37 सैंपल केंद्रीय औषधि प्रयोगशालाओं और 287 सैंपल राज्य औषधि जांच प्रयोगशालाओं की जांच में गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।
दवा का सैंपल नकली मिला
जांच के दौरान असम की स्टेट ड्रग्स लैब में एक दवा का सैंपल नकली भी पाया गया। इस दवा को एक अनधिकृत निर्माता ने तैयार किया था। इसके लिए दूसरी कंपनी के ब्रांड नाम का इस्तेमाल किया गया था। इस मामले में जांच जारी है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ ड्रग्स एक्ट और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, CDSCO ने जारी सूची के संबंध में एक स्पष्टीकरण भी दिया है। एनएसओ घोषित होने का मतलब यह है कि जांच में संबंधित दवा का विशेष बैच गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसका अर्थ यह नहीं है कि उसी दवा के बाजार में उपलब्ध सभी बैच खराब हैं। औषधि नियामक लगातार दवाओं की गुणवत्ता की निगरानी कर रहे हैं। इस निगरानी का उद्देश्य घटिया गुणवत्ता वाली और नकली दवाओं की पहचान कर उन्हें बाजार से हटाना है। साथ ही दवा सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।





