रायपुर (छत्तीसगढ़)। नकली दवा मामले में स्टिंग ऑपरेशन की गाज एडिशनल ड्रग कंट्रोलर पर गिरी है। राज्य सरकार ने एडीसी संजय नेताम को सस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि संजय नेताम नकली दवा कारोबार के आरोपी से रेस्टोरेंट में मिले थे। इसका स्टिंग ऑपरेशन सामने आने पर मामला तूल पकड़ गया। कार्रवाई की आंच अन्य अधिकारियों तक भी पहुंची है।

रेस्टोरेंट में मीटिंग से खुला राज

एडीसी संजय नेताम ने नकली दवा कारोबार के आरोपी ख़ेमराम बानी से रायपुर के एक रेस्टोरेंट में मुलाक़ात की थी। यह मुलाक़ात कार्यालय समय के दौरान हुई। इसे सामान्य बातचीत नहीं, बल्कि संदिग्ध बैठक माना गया। इस मुलाक़ात का स्टिंग ऑपरेशन किया गया। यह बाद में मीडिया में सामने आया और सरकार के लिए असहज स्थिति बन गई।

नकली दवा मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठे। इसके बाद शासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। विवाद बढऩे के बाद संजय नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में संजय नेताम का मुख्यालय नवा रायपुर अटल नगर तय किया गया है।