नई दिल्ली। 16 दवा कॉम्बिनेशन पर केंद्र सरकार ने बैन लगा दिया है। देशभर में 16 फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेश दवाएं बनाने, वितरण, बिक्री और सप्लाई पर रोक लगा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इन दवाओं से फायदे की अपेक्षा जोखिम ज्यादा हैं। इन दवाओं में इलाज के लिहाज से कुछ नहीं मिला। यह कदम दवाओं के सही इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है।

यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और एफडीसी दवाओं की समीक्षा के आधार पर लिया गया। इसके लिए ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड ने विशेषज्ञ समिति बनाई थी। समिति ने कई दवा कॉम्बिनेशन की जांच की। कुछ को इलाज के लिहाज से गैर-जरूरी और संभावित रूप से नुकसानदायक पाया। इससे पहले भी कई गैर-तर्कसंगत एफडीसी दवाओं पर रोक लगाई जा चुकी है। ड्रग कंट्रोलर, नियामक संस्थाओं और प्रवर्तन एजेंसियों को इन आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।