सहरसा (बिहार)। अवैध कफ सीरप से भरी कार पकड़ी गई है। बैजनाथपुर चौक के पास एक संदिग्ध कार को पुलिस ने रोकना चाहा। कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन दबोच लिया गया। जब पुलिस ने कार की डिक्की खोली तो हर कोई दंग रह गया। बोरे के अंदर से 126 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सीरप बरामद हुई। पुलिस ने कार में सवार दो तस्करों को दबोच लिया।

यह है मामला

डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि कार में कफ सीरप लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बैजनाथपुर चौक के पास वाहन की तलाश शुरू की। तभी एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस को देखते ही ड्राइवर ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। टीम ने तुरंत पीछा कर कार को रोक लिया। कार में दो लोग बैठे थे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सौरव कुमार और संदीप कुमार बताया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पांच बोरे और दो कार्टून मिले। इन्हें खोलने पर 126 लीटर कोडीन युक्त कफ सीरप पाया गया। यह पूरी तरह प्रतिबंधित है। दोनों आरोपी मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। सौरव कुमार पर चोरी और लूट के केस पहले से दर्ज हैं। संदीप कुमार शराबबंदी कानून में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की छानबीन कर रही है।