रायबरेली (उप्र)। दवा सैंपल फेल मिलने पर फार्मा कंपनी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। मेरठ और कोलकाता की प्रयोगशाला में दवाओं के सैंपल अधोमानक मिले हैं। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर शीवेंद्र प्रताप सिंह की विवेचना पूरी हो गई है। उन्होंने मेरठ की दवा निर्माता स्ट्रान फॉर्मास्युटिकल्स के खिलाफ सीजेएम की कोर्ट में केस दायर किया है।
यह है मामला
ड्रग इंस्पेक्टर ने डलमऊ स्थित तिवारी मेडिकल स्टोर से सेप्ट्रान-200 और चंद्रिका एजेंसी से सीपोज्वाय-200 दवा के सैंपल लिए थे। इन सैंपल को जांच के लिए विधि विश्लेषक प्रयोगशाला मेरठ भेजा था। दोनों दवाओं के सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद दवा कंपनी स्ट्रान फॉर्मास्युटिकल्स ने रिपोर्ट को मानने से इनकार कर दिया। सीजेएम कोर्ट में वाद करके दोबारा दवाओं की जांच कराने की मांग की थी।
सीजेएम के आदेश पर दोनों सैंपल को जांच के लिए सेंट्रल विधि विश्लेषक प्रयोगशाला कोलकाता भेजा गया था। कोलकाता में भी दवाओं का सैंपल अधोमानक मिला था। दो प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट आने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने विवेचना शुरू की। उन्होंने सीजेएम कोर्ट में मेरठ की स्ट्रान फॉर्मास्युटिकल्स के खिलाफ केस किया है।










