आगरा। अस्पताल की एंबुलेंस से शराब सप्लाई का मामला उजागर हुआ है। जेडी अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस से शराब की आपूर्ति हो रही थी। एंबुलेंस का वीडियो वायरल होने पर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस को कब्जे में लेकर जांच की। उसमें दो पेटी अंग्रेजी शराब मिलीं। जब्त की गईं बोतलों पर फॉर सेल इन यूपी लिखा है।
यह है मामला
ट्रांस यमुना कालोनी फेज एक में जेडी अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस का वीडियो वायरल हुआ। आबकारी निरीक्षक अनुराधा टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने एंबुलेंस की जांच की तो उसमें अंग्रेजी शराब की 12 बोतल मिलीं। करीब दो घंटे अस्पताल परिसर में जांच की। एंबुलेंस चालक से पूछताछ में पता चला कि उक्त शराब की बोतलें रामबाग माडल शाप की थीं।
अस्पताल संचालक रामबाग चौराहे स्थित अंग्रेजी शराब ठेके में साझीदार है। मुड़ी चौराहे पर देसी शराब का ठेका भी है। अस्पताल प्रबंधन का कहना था कि ऑटो खराब होने के चलते शराब की पेटियां एंबुलेंस से भेजी जा रही थीं। अस्पताल ने किसी तरह की अवैध गतिविधि से इनकार किया है। बोतलों पर फॉर सेल इन यूपी लिखा है। जांच के लिए कब्जे शराब की बोतलों को कब्जे में लिया गया है।










