बालाघाट (मप्र)। डॉक्टर के अवैध क्लीनिक पर छापा मार दवाएं जब्त करने का मामला प्रकाश में आया है। जिले के बोलेगांव में स्वास्थ्य और प्रशासनिक टीम ने एक डॉक्टर के क्लीनिक पर छापा मारा। टीम ने लखनादौन निवासी परमिंदर सिंह को बिना किसी डिग्री के उपचार करते हुए पकड़ा। यह कार्रवाई कुंवरलाल बापुरे के निवास पर संचालित क्लीनिक में की गई।

बताया गया है कि परमिंदर सिंह पिछले कुछ समय से हर रविवार को यहां मरीजों का इलाज कर रहा था। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक में करीब 150 लोग उपचार के लिए मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान उसके पास से दवाएं, बीपी जांच मशीन भी बरामद की गई। बीएमओ डॉ. अक्षय उपराडे ने बताया कि एसडीएम को शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

जांच के बाद आपराधिक मामला पाए जाने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बरामद दवाओं में थायरॉयड केयर सिरप, नेव्रोजोम सिरप, कैडिप्रैग-एम कैप्सूल, न्यूरोविज कैप्सूल, ईएसडीओ-डीएसआर कैप्सूल, ब्रेनो-फास्ट सिरप, ओमेप्रा-20 कैप्सूल, जेक्लोफेन एसपी टैबलेट और रैबिजो-डीएसआर गोल्ड सहित कई दवाएं शामिल हैं।