सिद्धिपेट(तेलंगाना)। नशीली दवा अल्प्राजोलम बनाने और तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक फ्रीलांस रसायन विशेषज्ञ भी शामिल है।
यह है मामला
एनसीबी की हैदराबाद इकाई ने 39.470 किलोग्राम अल्प्राजोलम और 85.36 लाख रुपये बरामद किए। जब्त पदार्थ की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई गई है। विशेष सूचना पर अधिकारियों ने दो चारपहिया वाहनों को रोककर तलाशी ली। इसमें दो लोग बिना वैध लाइसेंस के नशीली दवा की खरीद-बिक्री करते मिले। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने एमएससी रसायन शास्त्र की पढ़ाई की थी।
वह हैदराबाद के प्राशांतनगर की लैब में गुप्त रूप से अल्प्राजोलम तैयार करता था। गिरोह पिछले पांच वर्षों में करीब 150 किलोग्राम अल्प्राजोलम की तस्करी कर चुका है। फिलहाल मामले की गहन जांच चल रही है।










