नई दिल्ली। दवा कंपनी को मिलते-जुलते ट्रेडमार्क के उपयोग से रोका गया है। यह रोक दिल्ली की एक अदालत ने लगाई है। कोर्ट ने हैदराबाद की दवा कंपनी को ‘उड़ान’ ट्रेडमार्क का उपयोग करने से रोक दिया है। अदालत ने कहा कि ऐसा करना आरएसपीएल हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारों का उल्लंघन है। इसने पहले ही अपने ट्रेडमार्क ‘उड़ान’ का पंजीकरण कराया था।
प्रतिवादी सैनस फार्मास्युटिकल ने ‘Udaan’ ट्रेडमार्क का उपयोग वादी (आरएसपीएल) के पंजीकृत ट्रेडमार्क ‘Udan’ के समान किया था। आरएसपीएल हेल्थ ने ‘Udan’ ट्रेडमार्क अपनाया था। सैनस फार्मा के ‘Udaan’ मार्क ने उक्त ट्रेडमार्क में उसके मालिकाना अधिकारों का उल्लंघन किया है। आरएसपीएल ने कहा, सैनस खुदरा बिक्री कर रहा है। विवादित ट्रेडमार्क वाले इन सामानों की आपूर्ति नई दिल्ली के कई डीलरों, दुकानदारों को की गई है। वे गुपचुप तरीके से ग्राहकों को इनकी बिक्री कर रहे हैं।
अदालत ने कहा कि प्रतिवादी अदालत के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसलिए वादी के दावे बिना किसी खंडन और चुनौती के निर्विवाद रहे। वादी ने यह साबित कर दिया कि प्रतिवादी ने उक्त ट्रेडमार्क का उल्लंघन किया। धोखाधड़ी से मिलते-जुलते उत्पाद बेचने का भी अपराध किया है। इसलिए, वादी प्रतिवादी द्वारा भ्रामक रूप से मार्क के उपयोग पर स्थायी रोक का हकदार है। अदालत ने आदेश दिया कि जब्त किए गए सभी उत्पाद आरएसपीएल हेल्थ को सौंप दिए जाएं।










