अमेठी (उप्र)। कोडिन कफ सिरप मामले में ड्रग इंस्पेक्टर कमलेश मिश्रा को निलंबित करने का समाचार है। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य एवं औषधि विभाग में हडक़ंप मच गया है। मामले की जांच के लिए सहायक आयुक्त औषधि प्रशासन को जांच अधिकारी नामित किया है।

यह है मामला

गत 22 दिसम्बर को कोडिन कफ सिरप से जुड़े एक मामले में ड्रग इंस्पेक्टर ने मीडिया में बयान दिया था। जबकि कोडीन कफ सिरप के संबंध में केवल अधिकृत अधिकारी को ही बयान का अधिकार है। इसके बावजूद औषधि निरीक्षक कमलेश मिश्रा द्वारा अनधिकृत रूप से मीडिया में बयान प्रसारित किया गया। इसमें छोटे औषधि विक्रेताओं पर कार्रवाई की बात कही गई। शासन स्तर पर बयान की समीक्षा में पाया गया कि यह शासन की नीति के भी विपरीत था। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि में औषधि निरीक्षक को मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच करें। डीएम संजय चौहान ने कार्रवाई की पुष्टि की है।

इंस्पेक्टर से हाथापाई का वीडियो हुआ था वायरल

ड्रग इंस्पेक्टर कमलेश मिश्रा इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। चार माह पूर्व पुलिस कर्मियों के साथ उनकी हाथापाई का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप लगे थे कि उस समय डीआई नशे की हालत में थे। इस घटना को लेकर भी एक जांच रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी गई थी। यह अभी तक विचाराधीन बताई जा रही है।