जशपुर (छत्तीसगढ़)। नशीली कफ सिरप की बस के जरिए तस्करी का मामला सामने आया है। ड्राइवर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जशपुर से रायगढ़ जा रही एक यात्री बस से नशीली कफ सिरप जब्त की है। तपकरा पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई।

यह है मामला

पुलिस को सूचना मिली थी कि रायगढ़ जाने वाली बस में अवैध नशीली कफ सिरप ले जाई जा रही है। तपकरा थाना पुलिस ने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। रात करीब 11:45 बजे संदिग्ध बस को रोका गया। तलाशी लेने पर बस की डिक्की में रखे गए चार कार्टून बरामद हुए। इन कार्टूनों से कुल 480 बोतलें प्रतिबंधित कफ सिरप मिलीं। इसमें ऑनरेक्स नामक सिरप शामिल है।

जब्त कफ सिरप की बाजार कीमत लगभग 96,720 रुपए बताई जा रही है। पूछताछ में बस स्टाफ ने इस बारे में अनभिज्ञता जताई। हालांकि, पुलिस की सख्ती से आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह नशीली कफ सिरप बिहार के गया से लाई गई थी। अब इसे रायगढ़ में बेचा जाना था। तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बस को भी जब्त कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।