हैदराबाद। नशीली दवा अल्प्राज़ोलम की तस्करी का मामला पकड़ में आया है। यह सफलता साइबराबाद आबकारी टीम को मिली। टीम ने दो अलग-अलग मामलों में चार नशा तस्करों को अरेस्ट किया। तस्करों से कुल 1.931 किलोग्राम अल्प्राज़ोलम जब्त की। इसकी कीमत 24 लाख रुपये आंकी गई है। अल्प्राज़ोलम एक डॉक्टर के पर्चे पर मिलने वाली दवा है। इसका उपयोग चिंता और घबराहट संबंधी विकारों के इलाज के लिए किया जाता है। यह केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को धीमा करके आराम प्रदान करती है।
यह है मामला
दो व्यक्तियों को वैगनआर कार में 751 ग्राम अल्प्राज़ोलम के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी क्षेत्र में हुई दूसरी घटना में, दोपहिया वाहन पर दो व्यक्तियों से 1.18 किलोग्राम अल्प्राज़ोलम जब्त किया गया। आरोपियों की पहचान लिंगाराजू गौड़, टी अंजनेयुलु, आर रमेश और कटामय्या के रूप में हुई। ये मेडक और महबूबनगर के निवासी हैं। साइबराबाद के सहायक आयुक्त जी श्रीनिवास रेड्डी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो अन्य लोगों पर भी आरोपियों को अल्प्राज़ोलम सप्लाई करने का मामला दर्ज किया है।










