श्रीगंगानगर (राजस्थान)। फेस वॉश के कार्टून में छिपाकर मंगवाई नशीली गोलियां जब्त की हैं। अनूपगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने 36 हजार प्रतिबंधित प्रीगाबालिन गोलियां जब्त की हैं। वहीं आरोपी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जागरूक हलोगों की सूचना पर की गई।
यह है मामला
आरोपी रवि कुमार ओड निवासी रावला और मनप्रीत सिंह निवासी रामसिंहपुर ने दिल्ली से कोरियर से दो कार्टून मंगवाए थे। कार्टून पर फेस वॉश लिखा हुआ था। ताकि किसी को शक न हो। जांच में दोनों कार्टून सीलबंद मिले। इनमें 36 हजार नशीली गोलियां भरी थीं।
आरोपियों ने बताया कि इन गोलियों की कीमत करीब 2 लाख रुपये है। उन्होंने यह रकम ऑनलाइन ट्रांसफर भी की थी। बाजार में इन्हें करीब 7 लाख 20 हजार रुपये में बेचने की तैयारी थी। पुलिस को शक है कि इसके पीछे बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर सुखदीप कौर को बुलाया गया। बैच नंबर के आधार पर पूरे रैकेट की जांच की जा रही है। कोरियर कंपनी से भी पूछताछ की जा रही है ताकि सप्लाई चैन का पता लगाया जा सके।










