रामपुर (उप्र)। अवैध मेडिकल स्टोर पर रेड कर 97 हजार की दवाएं जब्त की हैं। औषधि विभाग ने बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर यह कार्रवाई की है। औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगभग 97 हजार रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की हैं।

इस मामले में मेडिकल स्टोर मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित औषधियां मिलीं। यह मेडिकल स्टोर साकिब हुसैन द्वारा संचालित किया जा रहा था। औषधि निरीक्षक ने मौके पर ही अवैध रूप से रखी गई सभी दवाओं को सीज कर दिया। इसके अतिरिक्त, चार संदिग्ध औषधियों के सैंपल लिए हैं।

जब्त औषधियों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 97 हजार रुपए बताई गई है। औषधि निरीक्षक ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी साकिब हुसैन के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध मेडिकल स्टोर चलाने वालों में हडक़ंप मच गया है।