चंडीगढ़। ECHS Scam (ईसीएचएस घोटाला) को लेकर एक और नया खुलासा सामने आया है। इलाज के नाम पर एक ही मरीज को 4-4 अस्पतालों में भर्ती दिखाया गया। सीबीआई इस मामले की पड़ताल कर रही है। शिकायत में सामने आया है कि कई ऐसे मरीज हैं, जो अलग-अलग हॉस्पिटल में एडमिट दिखाए गए।
कई ऐसे मामले हैं, जहां पति-पत्नी एक साथ हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती दिखाए गए। एक हॉस्पिटल से छुट्टी के बाद उन्हें कुछ समय बाद दूसरे हॉस्पिटल में एडमिट दिखाया गया। इन मरीजों का एडमिशन, टेस्ट और दवा का लाखों का बिल वसूला गया। सीबीआई इस मामले में मंथन हेल्थ केयर की भूमिका की गंभीरता से जांच कर रही है।
मंथन हेल्थ केयर के संचालकों को ही इस फर्जीवाड़े का केंद्र बिंदु बताया गया है।
सीबीआई इस मामले में मंथन हेल्थ केयर के संचालकों से कड़ाई से पूछताछ करेगी। मरीजों के रिकॉर्ड को क्लेम के लिए अपलोड करने का काम भी मंथन हेल्थ केयर के संचालक कर रहे थे। इसीलिए सेक्टर 38 स्थित सेंटर में फर्जी लैब रिपोर्ट, डॉक्टरों के डिजिटल सिग्नेचर और अस्पतालों का रिकॉर्ड मिला है।










