नई दिल्ली। एवरेस्ट जीरा पाउडर का सैंपल जांच में ‘अनसेफ’ मिला है। FSSAI ने प्री-पैक्ड जीरा पाउडर के एक बैच को बाजार से वापस मंगवाने का आदेश दिया है। अन्य मामले में मेसर्स क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स का लाइसेंस सस्पेंड किया है।
एवरेस्ट के खिलाफ यह कदम तय सीमा से ज्यादा पेस्टिसाइड मिलने पर उठाया गया है। एजॉक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम नाम के पेस्टिसाइड अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए। FSSAI ने प्री-पैक्ड जीरा पाउडर को लेकर रिकॉल ऑर्डर जारी किया है। इसका सैंपल गोवा स्थित मेसर्स रिवरसाइड रिसॉर्ट्स से लिया था। रेफरल लैब ने भी कंफर्म किया कि सैंपल असुरक्षित है। दोनों कीटनाशक तय मानकों से ज्यादा मात्रा में मौजूद हैं। रिपोर्ट के बाद प्री-पैक्ड जीरा पाउडर के बैच नंबर E080668761 को बाजार से वापस लेने के आदेश दिए हैं।
क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस सस्पेंड
वहीं FSSAI ने मेसर्स क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स के फूड परिसर में गंभीर अनियमताएं पाई। इसके बाद कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। टीम को एरिया में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। खराब होने वाले कच्चे माल को खुले में रखा गया था। कच्चे और सेमी-फिनिश्ड प्रोडक्ट रखने के लिए गंदे कंटेनरों का इस्तेमाल हो रहा था। परिसर में मक्खियों को रोकने, चूहों को कंट्रोल करने के सही इंतजाम नहीं थे। खिड़कियों में इंसेक्ट-प्रूफ मेश यानी जाली नहीं लगी थी। इसके बाद कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया। निलंबन की अवधि तक सभी गतिविधियों को तुरंत रोकने का निर्देश दिया है।










