हल्द्वानी। दवा की होम डिलीवरी पूर्व सैनिकों को देने की योजना क्रियान्वित की जा रही है। पूर्व सैनिक व उनके आश्रितों की सुविधा के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब 70 वर्ष व उससे अधिक आयु के भूतपूर्व सैनिकों के लिए दवाओं को उनके घर पर ही उपलब्ध करवाया जाएगा।

यह जानकारी हल्द्वानी मिलिट्री स्टेशन के कमांडर कर्नल अविनाश सिंह ने दी। उनहोंने बताया कि सैनिक परिवार के वरिष्ठ नागरिकों को पॉलीक्लिनिक तक बार-बार आने में कठिनाई होती है। इसे देखते हुए यह योजना शुरू की गई है। अब इन्हें घर बैठे होम डिलीवरी की सुविधा दी गई है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को चिकित्सकों की लिखी दवाएं सीधे उनके पते पर भेजी जाएंगी।

इस सुविधा का लाभ व्हाइट कार्ड धारक लाभार्थी भी कर सकेंगे। इसके लिए सभी पात्र लाभार्थियों को पॉलीक्लिनिक की फार्मेसी में संपर्क करना होगा। उन्हें वर्तमान पता, लैंडमार्क व पिन कोड भी बताना होगा। कुछ लाभार्थियों को ट्रायल के रूप में दवाओं की पहली खेप सफलतापूर्वक प्राप्त भी हो चुकी है। इसका लाभार्थियों ने खूब फायदा उठाया है।