नई दिल्ली। नकली हेयर रिमूवल क्रीम बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत 4 लोगों को पकड़ा है। ये लोग बादली स्थित अवैध यूनिट में नकली हेयर रिमूवल क्रीम तैयार करते थे। इसमें घटिया माल का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने छापे में मौके से 20 हजार से अधिक नकली हेयर रिमूवल क्रीम की ट्यूब जब्त की हैं। पुलिस ने भारी मात्रा में कच्चा माल भी जब्त किया है। आरोपियों ने ब्रांडेड उत्पादों जैसी हूबहू पैकिंग तैयार कर रखी थी। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क और अन्य सप्लायर्स की जांच कर रही है।
यह है मामला
पुलिस ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में नकली कॉस्मेटिक बनाने वाला गिरोह पकड़ा है। इस गिरोह का मुख्य आरोपी 40 वर्षीय नीरज गुप्ता है। पुलिस ने उसके साथ उसके तीन साथियों रवि , सुरेश कुमार राजपूत और दिनेश चंद्र सती को भी गिरफ्तार किया है। ये लोग नकली हेयर रिमूवल क्रीम और अन्य रोजमर्रा की सौंदर्य प्रसाधन की चीजें बनाकर बेचते थे। मौके से नकली क्रीम की 20 हजार से अधिक ट्यूब बरामद की गई हैं।
टीम ने बादली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा था। यहां नकली सामान बनाने का काम चल रहा था। एक पूरी अवैध यूनिट ही चल रही थी। घटिया कच्चे माल से नकली कॉस्मेटिक उत्पाद बनाए जाते थे। उनकी पैकेजिंग बिल्कुल असली ब्रांडेड सामान जैसी की जाती थी। छापेमारी में पुलिस को नकली हेयर रिमूवल क्रीम की 4,000 भरी हुई ट्यूब बरामद हुईं। बेचने के लिए तैयार 5,500 से ज्यादा पैकेट और 10 हजार खाली ट्यूब भी बरामद की गईं। नकली डिब्बे, रैपर, लेबल और क्रीम बनाने का कच्चा माल भी जब्त किया है।










