साबरकांठा (गुजरात)। नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। साबरकांठा जिले में यह फैक्ट्री 5 सालों से यूरिया और डिटर्जेंट मिलाकर नकली दूध बना रही थी। श्री सत्य डेयरी प्रोडक्ट्स नामक इस यूनिट को सील कर दिया गया है।

यह है मामला

क्राइम ब्रांच को नकली दूघ के बारे में गुप्त जानकारी मिली थी। इस आधार पर प्रांतिज तालुका के सलाल इलाके में श्री सत्य डेयरी प्रोडक्ट्स यूनिट पर रेड की। छापेमारी में वहां से बड़ी मात्रा में हानिकारक रसायन मिले हैं। दूध बनाने के लिए यूरिया खाद, डिटर्जेंट पाउडर, कॉस्टिक सोडा, रिफाइंड पामोलिन तेल, आदि का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसे दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में थैली में पैककर बेचा जा रहा था। ग्रामीण अनजाने में इस दूध और छाछ का सेवन कर रहे थे।

नकली दूध

पुलिस ने मौके से करीब 71 लाख रुपये का माल जब्त किया है। इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जितेंद्रकुमार वि_लभाई पटेल, सचिनकुमार रमनजी मकवाना, करणकुमार कलाजी परमार, अजयसिंह रामसिंह परमार और एक नाबालिग शामिल हैं। वहीं, मुख्य आरोपी फैक्ट्री मालिक राकेश उर्फ धामो पटेल फिलहाल फरार है। पुलिस मुख्य आरोपी राकेश पटेल को पकडऩे की कोशिश कर रही है।