नई दिल्ली। नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। दिल्ली पुलिस ने नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने और सप्लाई करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके से मोहित तिवारी और मोहित दीक्षित को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से 100 किलो नकली पोषण पूरक और 55 किलो कच्चा माल बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने में शामिल थे। और उन्होंने पुलिस को इलाके में चल रही अवैध फैक्ट्रियों तक पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी माल्टोडेक्सट्रिन, कोको पाउडर और फ्लेवरिंग एजेंट जैसे कच्चे माल का उपयोग करते थे। वे नकली प्रोटीन सप्लीमेंट तैयार करते थे। उन्हें प्रतिष्ठित ब्रांडों के नाम से बाजार में बेचते थे। फिलहाल पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी है।










