जयपुर (राजस्थान)। फिक्सडोज कॉम्बिनेशन वाली एक ही दवा के चार सैंपल नकली पाए गए हैं। यह जानकारी आयुक्त (फूड सेफ्टी एंड ड्रग कंट्रोल) की ओर से जारी ड्रग अलर्ट में की गई। जांच में सर्दी-जुकाम और बुखार में इस्तेमाल होने वाली एक दवा के चार सैंपल नकली मिले है। निर्माता कंपनी सोलन (हिमाचल प्रदेश) की वाईएल फार्मा है।
इसकी पेरासिटामॉल फिनाइल लेफ्रीन एचसीएल डाइ फेनिल हाइड्रेमीन हाइड्रोक्लोराइड कैफीन युक्त कॉम्बिनेशन की दवा है। इसके बैच नंबर वाईएलटी 25023 है। ड्रग कंट्रोलर अजय फाटक ने औषधि नियंत्रण अधिकारियों को संबंधित बैच नंबर की दवाओं का स्टॉक जब्त करने के निर्देश दिए है।
डॉक्टरों के अनुसार यह दवा आमतौर पर बुखार, सिरदर्द, नाक बंद, एलर्जी, सुस्ती कम करने, दर्द निवारक और सर्दी में इस्तेमाल होती है। नकली होने पर बीमारी ठीक होने की बजाय बढ़ सकती है। इसके कारण अत्यधिक नींद या चक्कर आना, ब्लड प्रेशर बढऩा, लिवर पर असर, हृदय गति बढऩा या घबराहट हो सकती है।










