नई दिल्ली। डाबर के कई प्रोडक्ट को एफएसएसएआई ने बैन कर दिया है। इनमें शहद और गाय का घी भी शामिल है। ये प्रोडक्ट 100 फीसदी शुद्धता के दावे के साथ बेचे जा रहे थे।
फूड सेफ्टी एंड स्टेंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने इन दावों को गुमराह करने वाला बताया है। इस पर डाबर से 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। कंपनी की वेबसाइट पर बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों पर भ्रामक दावे पाए गए थे। इनमें 100 फीसदी नेचुरल, 100 फीसदी प्योर, 100 फीसदी ऑर्गनिक जैसे लेबल शामिल थे। 100 प्रतिशत दावों का यह उपयोग नियमों का उल्लंघन करता है। ये दावे अस्पष्ट, असत्यापित और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले हैं।
नियमों के अन्य बड़े उल्लंघन
जैविक भारत लोगो : डाबर हिमालयन ऑर्गनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गनिक हनी पर ऑर्गनिक एंडोर्समेंट के जैविक भारत लोगो पाया गया।
कंपाउंड फूड्स पर गलत दावा : डाबर होममेड कोकोनट मिल्क को 100 फीसदी शुद्ध के दावे के साथ बेचा जा रहा था। कंपाउंड फूड्स के लिए ऐसा दावा करने की अनुमति बिल्कुल नहीं है।
डाबर को नोटिस जारी कर ऐसे भ्रामक दावों को तुरंत बंद करने का निर्देश दिया था। हालांकि, कंपनी ने कोई कदम नहीं उठाया। इसके बाद यह कड़ा प्रोहिबिशन (बैन) ऑर्डर जारी करना पड़ा। अब डाबर को 15 दिनों के अंदर यह बताना होगा कि उन्होंने आदेश के बाद क्या कदम उठाए हैं।









