मालदा (पश्चिम बंगाल)। प्रतिबंधित कफ सिरप समेत करोड़ों की नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। मालदा जिले में पुलिस ने एक गोदाम से नौ हज़ार बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया है। साथ ही एक फ्लैट पर रेड की। मौके से दो करोड़ से अधिक रुपये नकद, 20 ग्राम सोना और एक लैपटॉप बरामद किया है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों की पहचान पिंटू सरकार, गोपाल चाकी और सुषांत हलदार के रूप में हुई है। तीनों मालदा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

यह है मामला

पुलिस के अनुसार मंगलबाड़ी स्थित एक फ्लैट पर छापेमारी की गई। बरामद नकदी की गिनती तीन नोट गिनने वाली मशीनों से की। इसी अभियान के दौरान खईहट्टा इलाके के एक गोदाम में भी तलाशी ली गई। यहां से नौ हज़ार बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। पिछले महीने दक्षिण दिनाजपुर के मेहेंद्रीपाड़ा क्षेत्र से एक हज़ार 500 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई थी।

उसी मामले में गिरफ्तार चार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मालदा के इस फ्लैट का पता चला। इसके बाद दक्षिण दिनाजपुर और मालदा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

जांच में सामने आया है कि फ्लैट भवन के मालिक दिलीप साहा हैं। तीसरी मंजिल का फ्लैट पिंटू सरकार ने किराये पर लिया था। वह दवा के कारोबार से जुड़ा है। हालांकि प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी से उसका सीधा संबंध अभी जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।