नई दिल्ली। नकली ब्रांडेड घरेलू उत्पाद बनाने और बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। टाटा नमक, घी जैसे नकली सामान बनाने वाले रैकेट को पकड़ा। पुलिस ने इस गैंग के चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की पहचान नितिन कुमार, रजत सिंघल उर्फ चिंटू, सुरेंद्र गुर्जर और मुजाहिद उर्फ कार्तिक के रूप में हुई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तम नगर और कंझावला से नकली घी बनाने की मशीनरी भी बरामद की है। इन प्रोडक्ट्स को असली बताकर बाजार में सस्ते दामों पर बेचा जा रहा था। इससे भारी मुनाफा कमाया जा रहा था और लोगों की सेहत को भी खतरा था। पुलिस गैंग में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

यह है मामला

डिप्टी कमिश्नर विक्रम सिंह के अनुसार मुखबिर ने जानकारी दी थी। नितिन को उत्तम नगर में नकली ब्रांडेड प्रोडक्ट्स की डिलीवरी मिलने वाली है। इस जानकारी के आधार पर एक टीम बनाकर जाल बिछाया गया। आरोपियों को संदिग्ध सामान ले जा रहे वाहनों के साथ पकड़ा। वाहनों की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकली सामान बरामद किया। इसमें ब्रांडेड घी, इनो पाउच, ऑल आउट, वीट प्रोडक्ट्स और एक हजार किलोग्राम टाटा नमक शामिल था। अधिकृत कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सामान के नकली होने की पुष्टि की।

आरोपी नितिन ने कंझावला में नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री के बारे में जानकारी दी। यहां से नकली घी, पैकेजिंग मशीनें, नकली रैपर और अन्य सामग्री बरामद की। रजत, सुरेंद्र गुर्जर और मुजाहिद को वहीं से गिरफ्तार किया गया। टीम ने निलोठी एक्सटेंशन, निहाल विहार में छापा मारा। यहाँ नकली टाटा नमक के अवैध भंडारण, रीपैकिंग और मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण ज़ब्त किए। उन्होंने लगभग दो हज़ार किलोग्राम नकली टाटा नमक भी बरामद किया।