भिवानी (हरियाणा)। स्वास्थ्य विभाग ने मकान से नशीली और प्रतिबंधित अवैध दवाएं जब्त की हैं। जिले में अवैध दवाओं और प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने गांव
जीतवानबास में एक मकान में दबिश दी। मौके से भारी मात्रा में अवैध दवाइयां बरामद की हैं। इस दौरान 35 प्रकार की एलोपैथिक दवाओं के साथ दो प्रतिबंधित नशीली दवाएं मिलीं। संबंधित व्यक्ति दवाओं के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
यह है मामला
सीएमओ डॉ. रघुवीर शांडिल्य के निर्देशन में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। टीम ने गांव जीतवानबास स्थित एक मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान घर में रखी 35 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं मिलीं। जांच में दो दवाएं नारकोटिक श्रेणी की प्रतिबंधित दवाएं पाई गईं। अन्य दवाएं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 के दायरे में आती हैं। संबंधित व्यक्ति से दवाओं के वैध दस्तावेज मांगे। वह इन्हें दिखा पाने में असमर्थ रहा। इसके चलते उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।










