नई दिल्ली। आयुर्वेदिक दवाओं की अब जेप्टो से होम डिलीवरी होगी। आप घर बैठे आयुर्वेदिक दवाएं मंगाने के लिए फोन उठाएंगे। जेप्टो ऐप खोलेंगे और ऑर्डर करेंगे और कुछ ही पलों में डिलिवरी बॉय दवाएं लेकर हाजिर हो जाएगा। आयुष मंत्रालय ने आयुष प्रोडक्टों की होम डिलिवरी के लिए यह कदम उठाया है।

आयुष निर्यात प्रोत्साहन परिषद (आयुषएक्सील) और जेप्टो लिमिटेड के बीच यह डील हुई है। आयुष औषधियों और अन्य स्वास्थ्य रक्षा उत्पादों की ऑनलाइन पहुंच को सुविधाजनक बनाया जा रहा है।

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि यह सहयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इसमें भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को आधुनिक डिजिटल बुनियादी ढांचे के साथ जोड़ा जा रहा है। ऐसी पहल उपभोक्ताओं को विकल्प प्रदान करती हैं। आयुष निर्माताओं के लिए गुणवत्ता, सुरक्षा या नियामक मानकों पर समझौता किए नए बाजार अवसर खोलती हैं।

इस समझौता पत्र पर आयुषएक्सील के अध्यक्ष अनुराग शर्मा और जेप्टो के सह-संस्थापक व सीईओ कैवल्य वोहरा ने हस्ताक्षर किए। आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा की मौजूदगी में यह डील हुई। अनुराग शर्मा ने कहा कि आयुषएक्सील निर्धारित गुणवत्ता और नियामक मानकों को पूरा करने वाले योग्य निर्माताओं की पहचान करके इसे और भी आसान बनाएगा। इससे क्वालिटी से समझौता किए बिना व्यापक बाजार तक पहुंच संभव हो सकेगी।