सितारगंज (उधमसिंह नगर)। अवैध गर्भपात करने वाले क्लीनिक पर रेड कर सीज किया है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शक्तिफार्म क्षेत्र में चल रहे अवैध क्लिनिक पर यह कार्रवाई की। क्लिनिक संचालिका को एक अविवाहित महिला का गर्भपात कराते हुए पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि क्लिनिक बिना वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा था। यहां एजेंटों के माध्यम से महिलाओं को गर्भपात के लिए लाया जाता था। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में दवाइयां और चिकित्सा उपकरण बरामद किए हैं। क्लिनिक को सीज कर दिया गया है।
यह है मामला
स्वास्थ्य विभाग को शक्तिफार्म के मुख्य बाजार स्थित ‘गनेश प्राथमिक चिकित्सालय’ में अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिली थीं। आरोप था कि क्लिनिक संचालिका महिलाओं और युवतियों का गर्भपात करा रही है। इन शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ क्लिनिक पर औचक निरीक्षण किया। पता चला कि क्लिनिक संचालिका रंजना गंगवार बिना वैध पंजीकरण और अनुमति के क्लिनिक चला रही थी। निरीक्षण के समय टीम ने उसे एक 25 वर्षीय अविवाहित महिला का गर्भपात करते हुए पकड़ा। इसके बाद तत्काल क्लिनिक को सीज कर दिया गया। जांच में सामने आया है कि यह अवैध क्लिनिक लंबे समय से संचालित हो रहा था।
छापे में ये दवाइयां और उपकरण मिले
एमटीपी किट
मीसोप्रोस्टोल की गोलियां
क्लिंडामाइसिन व क्लोट्रिमाजोल वेजाइनल सॉफ्ट जेल कैप्सूल
कंट्रसेफ्ट किट
सिल्डेनाफिल टैबलेट
गुड न्यूज कार्ड
अंबिलिकल ऑक्लूजन डिवाइस
एलीज फोर्सेप्स, ड्रम फोर्सेप्स
नीडल होल्डर सहित अन्य उपकरण










