बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)। अवैध दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने में सफलता मिली है। पंजाब सीमा पर स्थित ग्वालथाई में स्टेट ड्रग्स कंट्रोल विभाग और बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में अवैध तरीके से दवा साल्ट बनाए जा रहे थे। यह फैक्ट्री लंबे समय से बंद थी। मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। इसे कागज़ों में भी बंद बताया गया था। विभाग को मिली गुप्त सूचना पर जब टीम अंदर पहुंची, तो वहां गतिविधियां चल रही थी।

जिला ड्रग्स इंस्पेक्टर अंजना देवी ने बताया कि फैक्ट्री के भीतर कच्चा माल, मशीनरी, पैकिंग सामग्री और दवाइयों के साल्ट मिले। इनका निर्माण पूरी तरह अवैध और गुणवत्ता मानकों के विपरीत मिला। इसे पहले ही अनिवार्य नियमों के उल्लंघन के कारण बंद किया जा चुका था। इसके बावजूद अंदर चोरी-छिपे उत्पादन जारी था। फैक्ट्री में निर्माण से जुड़ा कोई रिकॉर्ड, बैच लॉग, स्टॉक विवरण या सुरक्षा प्रोटोकॉल भी उपलब्ध नहीं मिला।

अधिकारियों ने पूरी फैक्ट्री को खंगाला। संदिग्ध सामग्री, दस्तावेज और सैंपल जब्त किए हैं। इन्हें सील कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी है। यहां तैयार हो रहे साल्ट अलग-अलग राज्यों के अवैध फार्मा नेटवर्क को सप्लाई किए जा रहे थे।