रक्सौल। गोदाम से 4.19 लाख रुपये कीमत की अवैध दवाएं जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई पर्सा पुलिस ने वीरगंज महानगरपालिका-16 स्थित एबी कैरियर्स के गोदाम में की। यहां जांच के दौरान अवैध दवाओं की खेप बरामद की। मामले में गोदाम संचालक राजेश यादव को हिरासत में लिया गया है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोदाम में जांच की। इस दौरान विभिन्न प्रकार की दवाएं बरामद हुईं। बरामद दवाओं में हिम कैम-एमपी मल्टी डोज वेट की 168 बोतल मिली। वहीं लिलीवमैक्स वेट इंजेक्शन की 840 बोतल और हिमहील हर्बल स्प्रे की 295 बोतलें भी शामिल हैं। इन दवाओं की अनुमानित कीमत 4 लाख 19 हजार 410 नेपाली रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी राजेश यादव को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर दी है।

पर्सा पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने वीरगंज में श्रीपुर स्थित आरपी फार्मास्यूटिकल में छापेमारी की। अवैध रूप से दवाएं तैयार करने, लेबल लगाने और बिना अनुमति उत्पादन एवं बिक्री-वितरण करने का मामला पकड़ा। पुलिस ने उद्योग संचालक राहुल कुमार चौहान को बरामद सामान समेत हिरासत में लिया है। इस दौरान बड़ी मात्रा में दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, तैयार उत्पाद, पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए गए।